मंतेश्वर से भाजपा उम्मीदवार सैकत पांजा विजयी
कोलकाता, 04 मई (हि. स.)। पूर्व बर्धमान जिले के मंतेश्वर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार सैकत पांजा ने जीत दर्ज की। सोमवार दोपहर निर्वाचन आयोग की ओर से उन्हें आधिकारिक रूप से विजेता घोषित किया गया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मंत्री को 14 हजार 798 वोटों के अंतर से पराजित किया।
गणना की शुरुआत से ही मंतेश्वर में कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़ते गए, सैकत पांजा ने अपनी बढ़त मजबूत कर ली। कभी तृणमूल कांग्रेस के विधायक रहे सैकत पांजा ने चुनाव से पहले भाजपा का दामन थामा था। अपने गढ़ को बचाने के साथ-साथ उन्होंने तृणमूल के एक बड़े नेता को हराकर इलाके में भाजपा की पकड़ मजबूत कर दी।
वहीं, सिद्दाकुल्ला चौधरी जैसे अनुभवी नेता की हार को जिले में तृणमूल कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। परिणाम घोषित होते ही मंतेश्वर क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच जश्न का माहौल बन गया। हालांकि, प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में कड़ी पुलिस व्यवस्था की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

