home page

मनसा पूजा पर बांकुड़ा और पुरुलिया में अर्धदिवसीय अवकाश की घोषणा

 | 
मनसा पूजा पर बांकुड़ा और पुरुलिया में अर्धदिवसीय अवकाश की घोषणा


कोलकाता, 17 अगस्त (हि. स.)। मनसा पूजा के अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के दो पश्चिमी जिलों बांकुड़ा और पुरुलिया में विशेष अर्धदिवसीय अवकाश की घोषणा की है। आगामी 18 अगस्त, मंगलवार को इन दोनों जिलों के राज्य सरकारी कार्यालय, स्थानीय प्रशासनिक संस्थाएं, पंचायत एवं नगरपालिका, सरकारी बोर्ड, निगम तथा शिक्षण संस्थानों में दोपहर दो बजे के बाद स्थानीय अवकाश प्रभावी रहेगा। राज्य सरकार के वित्त विभाग की ओर से 17 अगस्त, सोमवार को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है।

वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पी. के. मिश्रा के हस्ताक्षर वाली इस अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि राज्यपाल की मंजूरी के बाद यह निर्णय लिया गया है। पुरुलिया और बांकुड़ा जिले के आम लोगों तथा सरकारी कर्मचारियों को लोक संस्कृति और धार्मिक अनुष्ठानों में स्वतःस्फूर्त रूप से भाग लेने का अवसर देने के उद्देश्य से यह प्रशासनिक कदम उठाया गया है। निर्धारित समय के अनुसार 18 अगस्त को दोपहर दो बजे के बाद संबंधित जिलों के सभी राज्य नियंत्रित कार्यालय, स्कूल-कॉलेज और स्वायत्त संस्थान बंद रहेंगे।

दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की ग्रामीण संस्कृति में मनसा पूजा का विशेष महत्व है। विशेष रूप से पुरुलिया और बांकुड़ा जैसे पारंपरिक जिलों में श्रावण महीने के अंतिम दिन नाग देवी मनसा की पूजा केवल धार्मिक उत्सव तक सीमित नहीं रहती, बल्कि यह लोक संस्कृति के व्यापक सामाजिक मेलजोल का रूप ले लेती है। इस दिन विभिन्न गांवों में झांपन उत्सव, पद्मापुराण या मनसामंगल गीत तथा मनसा विसर्जन को लेकर विशेष लोक परंपराएं देखने को मिलती हैं। इसी कारण जनजीवन से जुड़े इस भावनात्मक और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने इस वर्ष भी विशेष क्षेत्रीय अवकाश को मंजूरी दी है।

अधिसूचना में संबंधित जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, जिलाधिकारियों और प्रशासनिक विभागों के प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि अवकाश संबंधी आदेश को सुचारू रूप से लागू किया जाए। हालांकि, आवश्यक सेवाओं के क्षेत्र इस अवकाश के दायरे में आएंगे या नहीं, इस संबंध में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता