home page

कोयला तथा बालू तस्करी मामले में ईडी के सामने पेश हुए मनोरंजन मंडल

 | 
कोयला तथा बालू तस्करी मामले में ईडी के सामने पेश हुए मनोरंजन मंडल


कोलकाता, 18 जून (हि. स.)। कोयला और बालू तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के लगातार समन के बाद फरार चल रहे चर्चित पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल आखिरकार गुरुवार को जांच एजेंसी के समक्ष पेश हुए। कई नोटिस के बाद साल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी दफ्तर पहुंचे मंडल से अधिकारियों ने मामले से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर लंबी पूछताछ की।

सूत्रों के मुताबिक, मनोरंजन मंडल इससे पहले शारीरिक अस्वस्थता का हवाला देकर लगातार ईडी की हाजिरी से बच रहे थे। ईडी ने उन्हें कई बार तलब किया था, लेकिन वे पेश नहीं हुए थे।

दरअसल, कोयला तस्करी मामले की जांच के दौरान ईडी की टीम ने गत तीन फरवरी को आसनसोल के रानीगंज, जामुड़िया और बुदबुद समेत राज्य के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में जामुड़िया के एक व्यवसायी के गोदाम से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई थी।

उसी दिन केंद्रीय एजेंसी ने बुदबुद थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी मनोरंजन मंडल के आवास पर भी तलाशी ली थी। इसके बाद गत 11 मार्च को दोबारा उनके घर पर छापा मारा गया था। विवाद बढ़ने के बाद मनोरंजन मंडल को बुदबुद थाने से हटाकर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के स्पेशल ब्रांच (एसबी) में स्थानांतरित कर दिया गया था।

ईडी अब मनोरंजन मंडल के बयान और बरामद दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। कोयला तस्करी के नेटवर्क में और बड़े नामों के सामने आने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा