आरामबाग दौरे पर पहुंचे मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज अग्रवाल
हुगली, 25 अप्रैल (हि.स.)। हुगली जिले के आरामबाग में शनिवार को मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज अग्रवाल के दौरे को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज रही। जानकारी के अनुसार, वे शनिवार को आरामबाग पहुंचे और पल्लीश्री के पास स्थित हेलीपैड पर उतरे। इसके बाद वे सीधे एक स्थानीय गेस्ट हाउस के लिए रवाना हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, गेस्ट हाउस में उन्होंने चुनाव से जुड़ी एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों, कानून-व्यवस्था की स्थिति और मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बताया जा रहा है कि बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई और आवश्यक निर्देश भी दिए गए। विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।
मनोज अग्रवाल के इस दौरे को लेकर आरामबाग के प्रशासनिक हलकों में काफी सक्रियता देखी गई और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

