home page

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दिग्गज पार्श्व गायक मन्ना डे को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

 | 
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दिग्गज पार्श्व गायक मन्ना डे को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि


कोलकाता, 24 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने महान पार्श्व गायक मन्ना डे की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने भारतीय संगीत जगत में मन्ना डे के अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें संगीत की अमूल्य धरोहर बताया।

मन्ना डे का वास्तविक नाम प्रबोध चंद्र डे था। उनका जन्म एक मई 1919 को कोलकाता में हुआ था। पांच दशकों से अधिक लंबे संगीत जीवन में उन्होंने लगभग साढ़े तीन हजार से अधिक फिल्मी गीतों को अपनी आवाज दी।

हिंदी और बांग्ला के अतिरिक्त उन्होंने भोजपुरी, पंजाबी, असमिया, गुजराती, कन्नड़, मलयालम और छत्तीसगढ़ी सहित अनेक भारतीय भाषाओं में गायन किया।

शास्त्रीय संगीत पर मजबूत पकड़ रखने वाले मन्ना डे ने भारतीय शास्त्रीय संगीत को हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय गीतों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी गायकी में शास्त्रीय संगीत, फिल्मी गीत, कव्वाली, गजल और भजन का अनूठा संगम देखने को मिलता था। 1950 के दशक के मध्य से 1970 के दशक तक उनकी लोकप्रियता चरम पर रही।

भारतीय संगीत में उनके योगदान के लिए उन्हें वर्ष 1971 में पद्मश्री, 2005 में पद्म भूषण और 2007 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वे भेंडीबाजार घराने से जुड़े थे और उन्होंने उस्ताद अमन अली खान से संगीत की शिक्षा प्राप्त की थी।

24 अक्टूबर 2013 को 94 वर्ष की आयु में बेंगलुरु में उनका निधन हो गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता