home page

मंदिरा डैम में डूबे इंजीनियरिंग छात्र का शव बरामद

 | 
मंदिरा डैम में डूबे इंजीनियरिंग छात्र का शव बरामद


आसनसोल, 28 सितंबर (हि.स.)।

बाराबनी थाना क्षेत्र के काशकुली स्थित मंदिरा डैम में डूबे इंजीनियरिंग छात्र सुप्रिय चक्रवर्ती का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया। रविवार को डैम के पानी में नहाने के दौरान वह गहरे पानी में डूब गया था। सोमवार सुबह सिविल डिफेंस की गोताखोर टीम और पुलिस की विशेष टीम ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद डैम के पानी से सुप्रिय का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

मृत छात्र की उम्र 20 वर्ष बताई गई है। उसके पिता दिबेंदु चक्रवर्ती आसनसोल के परिचित व्यवसायी हैं, जबकि मां कुल्टी के एक स्कूल में शिक्षिका हैं। सुप्रिय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह इंजीनियरिंग का छात्र था और दुर्गापुर के एक निजी शिक्षण संस्थान से पढ़ाई कर रहा था। वह आसनसोल-दुर्गापुर के मुचिपाड़ा क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को छह छात्रों का एक दल घूमने के लिए बाराबनी ब्लॉक के पानुड़िया ग्राम पंचायत क्षेत्र स्थित काशकुली मंदिरा डैम पहुंचा था। डैम का मनोरम वातावरण देखकर कुछ छात्र पानी में उतरकर नहाने लगे। स्थानीय लोगों ने उन्हें पानी में नहीं उतरने की सलाह भी दी थी, लेकिन इसके बावजूद छात्र पानी में चले गए। इसी दौरान सुप्रिय अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

सुप्रिय को डूबता देखकर उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते सुप्रिय पानी में लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण उसी दिन व्यापक राहत एवं बचाव अभियान चलाना संभव नहीं हो सका।

सोमवार सुबह सिविल डिफेंस की गोताखोर टीम और पुलिस की विशेष टीम ने डैम में तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटे तक पानी में तलाश करने के बाद सुप्रिय का शव बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से दो दिन पहले भी युवकों का यह दल इसी स्थान पर आया था और सोशल मीडिया के लिए रील बना रहा था। रविवार को दोबारा मंदिरा डैम पहुंचने के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के बाद से सुप्रिय के परिवार, दोस्तों और परिचितों में गहरा शोक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा