मंदारमणि में पार्किंग को लेकर होटल कर्मियों और पर्यटकों में मारपीट
पूर्व मेदिनीपुर, 05 सितंबर (हि. स.)। जिले के मंदारमणि में वाहन पार्किंग को लेकर होटल कर्मचारियों और पर्यटकों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद होटल के प्रबंधक, सुरक्षा कर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने पर्यटक परिवार के साथ मारपीट की। इस दौरान परिवार में शामिल महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ भी खींचतान किए जाने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, बजबज निवासी मोहम्मद आसिफ शनिवार को अपने परिवार के साथ मंदारमणि घूमने पहुंचे थे। आरोप है कि वाहन पार्क करने के बाद होटल का कमरा देखने जाने के दौरान पार्किंग को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी।
आसिफ का आरोप है कि होटल के प्रबंधक, सुरक्षा कर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने उनके तथा परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। परिवार में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। घटना की सूचना पाकर मंदारमणि थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अंतिम सूचना मिलने तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

