ट्रेन से कटकर व्यक्ति की मौत
जलपाईगुड़ी, 23 मई (हि.स.)। जिले के राजगंज ब्लॉक साहुडांगी इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना साहुडांगी स्थित छिन्नमस्ता काली मंदिर के सामने रेलवे लाइन पर घटी है।मृतक की पहचान भास्कर घोष (56) के रूप में हुई है। उनके पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर पता चला कि वह कूचबिहार जिले के हाजरा पाड़ा के निवासी थे।
स्थानीय निवासी गोपाल भक्त ने बताया कि शनिवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति ट्रेन से कट गया है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया गया। रेलवे पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

