सट्टेबाजी की चक्कर में कर्ज में डूबे युवक ने की आत्महत्या
मालदा, 07 अप्रैल (हि. स.)। जिले से एक घटना सामने आई है, जहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सट्टा लगाने के चलते एक युवक ने आत्महत्या कर ली है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान अपू पोद्दार (26) के रूप में हुई है, जो ओल्ड मालदा के मंगलबाड़ी क्षेत्र के झांझरा गांव का निवासी था। वह पेशे से एक गोदाम कर्मचारी था और अपने पत्नी, तीन साल के बेटे और माता-पिता के साथ रहता था।
परिवार के अनुसार, आईपीएल शुरू होने के बाद अपू ने एक स्थानीय कारोबारी से करीब 50 हजार रुपये ऊंचे ब्याज पर उधार लिए थे।
बताया जा रहा है कि उसने उधार रकम सट्टेबाजी में लगा दी, लेकिन पूरा पैसा हार गया। इसके बाद कर्ज का दबाव और सामाजिक शर्मिंदगी के डर से वह पिछले कुछ दिनों से गहरे मानसिक तनाव में था। सोमवार दोपहर घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटा। रात को उसने अपनी मां को व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल कर अपने छोटे बेटे को आखिरी बार देखने की इच्छा जताई और कहा अब मुझे नहीं देख पाओगी। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। परिवार ने जब उसकी तलाश शुरू की और कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक सुनसान मकान में उसका शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

