चलती ट्रेन में सात किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार
पूर्व बर्दवान, 18 मार्च (हि. स.)। कालना जीआरपी थाना की पुलिस ने मंगलवार को चलती ट्रेन में कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक आरोपित को गिरफ्तार किया और उसके पास से करीब सात किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान कूचबिहार जिले के दिनहाटा निवासी गोबिंद रॉय (38) के रूप में हुई है।
बुधवार को रेल पुलिस की ओर से बताया गया कि गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे यह कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के बैग से प्रतिबंधित गांजा बरामद किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह न्यू कूचबिहार जंक्शन से अंबिका कालना रेलवे स्टेशन तक गांजा पहुंचाने के लिए जा रहा था।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे बुधवार को पूर्व बर्दवान की तीसरी अदालत (एडीजे कोर्ट) में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान को और सख्ती से चलाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

