home page

भाजपा लूट और झूठ की राजनीति करती है : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

 | 
भाजपा लूट और झूठ की राजनीति करती है : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी


भाजपा लूट और झूठ की राजनीति करती है : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी


आसनसोल, 26 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर पांडवेश्वर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को पांडवेश्वर के लाउदोहा फुटबॉल मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए नरेन्द्र चक्रवर्ती के समर्थन में वोट की अपील की। इस जनसभा में मलय घटक, अभिजीत घटक, हरेराम सिंह, कालूवरण मंडल सहित कई तृणमूल नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भाजपा और निर्वाचन आयोग पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई “कौरवों और पांडवों” की तरह है। जिसमें जीत जनता की होगी। उन्होंने आसनसोल और पश्चिम बर्दवान के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि जिले के गठन से लेकर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तक, कई बड़े परियोजना तृणमूल सरकार के कार्यकाल में पूरे हुए हैं।

उन्होंने कोयला खदानों का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि मजदूर कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन मुनाफा केंद्र सरकार ले जाती है। बंद खदानों को संयुक्त रूप से चलाने का प्रस्ताव भी केंद्र ने ठुकरा दिया। ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए एक रुपया भी वेतन नहीं लिया। उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए उसे “वॉशिंग मशीन” करार दिया और कहा कि केंद्र सरकार केवल “लूट और झूठ” की राजनीति करती है।

मतदाता सूची को लेकर उन्होंने गंभीर आरोप लगाए कि विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) के तहत बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी है और जिन मतदाताओं के नाम कटे हैं, उन्हें फिर से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने गैस सिलेंडर की कीमतों, नोटबंदी और अन्य मुद्दों को उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से आम लोगों को परेशानी हुई है। इसके विपरीत, राज्य सरकार ने लक्ष्मी भंडार, स्वास्थ्य साथी, कन्याश्री, रूपश्री जैसी कई योजनाओं के जरिए सभी वर्गों को लाभ पहुंचाया है और भविष्य में “द्वारे स्वास्थ्य” जैसी नई योजनाएं भी लाई जाएंगी।

ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल में सभी धर्म और जाति के लोग मिलकर रहते हैं और इस एकता को बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि अगर शांति, विकास और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखना है तो तृणमूल कांग्रेस को समर्थन दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा