home page

टीएमसीपी की सभा में ममता के पहुंचते ही मची अफरा-तफरी, खुद गाड़ियां पास कराती दिखीं तृणमूल सुप्रीमो

 | 
टीएमसीपी की सभा में ममता के पहुंचते ही मची अफरा-तफरी, खुद गाड़ियां पास कराती दिखीं तृणमूल सुप्रीमो


कोलकाता, 28 अगस्त (हि.स.)। तृणमूल छात्र परिषद के स्थापना दिवस के मौके पर शुक्रवार को कैथिड्रल रोड पर आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पहुंचते ही अचानक अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सभा स्थल पर मौजूद भीड़ ने बैरिकेडिंग हटाकर मंच की ओर बढ़ना शुरू कर दिया। इस दौरान कई गाड़ियां भी सभा स्थल के बीच पहुंच गईं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और एक एंबुलेंस भी फंस गई।

ममता बनर्जी दोपहर करीब एक बजे सभा स्थल पर पहुंचीं। उनके पहुंचते ही वहां मौजूद हजारों कार्यकर्ता मंच की ओर बढ़ने लगे। भीड़ बढ़ने के कारण लगाए गए गार्डरेल हट गए और सभा स्थल के आसपास अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई। इसी दौरान कई गाड़ियां सभा स्थल के रास्ते में आ गईं।

ममता बनर्जी ने खुद खड़े होकर इन गाड़ियों को वहां से निकालने और रास्ता साफ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील भी की। तृणमूल प्रमुख ने सभा के दौरान मंच से पुलिस पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि सभा स्थल के भीतर गाड़ियां आने दी गईं।

उन्होंने कुछ देर के लिए सभा रोकने की बात कही। ममता ने कहा कि पहले सभा के आसपास फंसी सभी गाड़ियों को बाहर निकाला जाए, इसके बाद रास्ता पूरी तरह कार्यकर्ताओं के कब्जे में आने पर सभा दोबारा शुरू की जाए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में धीरे-धीरे गाड़ियों को वहां से बाहर निकाला गया। कई तृणमूल कार्यकर्ता भी गाड़ियों को रास्ता देने में मदद करते नजर आए।

स्थिति सामान्य होने के बाद सभा दोबारा शुरू हुई। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सभा को संबोधित किया।

दरअसल, तृणमूल छात्र परिषद के स्थापना दिवस पर पहले मेयो रोड पर सभा की अनुमति मांगी गई थी, लेकिन वहां अनुमति नहीं मिली। इसके बाद कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश के अनुसार कैथिड्रल रोड पर सभा आयोजित की गई। अदालत के निर्देश के मुताबिक सभा को दोपहर तीन बजे तक समाप्त करना था।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर