home page

ममता ने फिर लगाए बाहरी लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के आरोप

 | 
ममता ने फिर लगाए बाहरी लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के आरोप


पश्चिम मेदिनीपुर, 31 मार्च (हि.स.)। ममता बनर्जी ने मंगलवार को पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोणा स्थित क्षीरपाई के चरकडांगा मैदान में आयोजित चुनावी सभा में मतदाता सूची को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बंगाल के बाहर के लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के लोगों के नाम जोड़े गए हैं जबकि वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं और अब तक उन्हें वापस नहीं जोड़ा गया है। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर चिंता भी जताई है।

सभा में उन्होंने कहा कि “डबल इंजन सरकार” बंगाल के लोगों को मताधिकार से वंचित कर वोट पर कब्जा करना चाहती है। उनके मुताबिक सोमवार को भी चुनाव आयोग के पास करीब 30 हजार नाम जमा किए गए, जो कथित रूप से बंगाल के निवासी नहीं हैं।

उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह लोगों के अधिकार छीनने जैसा है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दायर की थी।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि जिन मतदाताओं के नाम सूची में हैं, वे भी सतर्क रहें और बूथ स्तर पर किसी तरह की गड़बड़ी पर नजर रखें। जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, उन्हें अपील करने की सलाह देते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी मदद के लिए मुफ्त वकील की व्यवस्था करेगी।

इसी सभा में उन्होंने आलू किसानों की समस्या पर भी बात की। हाल के दिनों में आलू की कीमत न मिलने की शिकायतों के बीच उन्होंने कहा कि यदि फसल खराब होती है तो सरकार बीमा के जरिए मुआवजा देगी। उन्होंने कहा, “अगर आलू का मुआवजा चाहते हैं तो तृणमूल को वोट दें।”

उन्होंने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस अब समुद्र की तरह मजबूत है और विरोधी दल उसे नुकसान नहीं पहुंचा पाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता