home page

भवानीपुर मतगणना केंद्र में ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के फोन जब्त

 | 

कोलकाता, 04 मई (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के दौरान कोलकाता के शखावत मेमोरियल स्कूल स्थित गणना केंद्र में मोबाइल फोन के उपयोग को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन होने के आरोप के बाद वहां अचानक हलचल मच गई और स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने कड़ा रुख अपनाया।

सूत्रों के अनुसार, गणना केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाने और उसके उपयोग को लेकर पर्यवेक्षकों ने नाराजगी जताई। मामला उस समय और गंभीर हो गया जब यह आरोप सामने आया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के पास भी मोबाइल फोन मौजूद थे। इसके बाद चुनाव आयोग ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों नेताओं के मोबाइल फोन जमा कराने का निर्देश दिया।

चुनाव आयोग के स्पष्ट दिशा-निर्देश हैं कि किसी भी गणना केंद्र के भीतर उम्मीदवार, उनके एजेंट या काउंटिंग एजेंट मोबाइल फोन का उपयोग नहीं कर सकते। केवल रिटर्निंग ऑफिसर और अधिकृत पर्यवेक्षकों को विशेष परिस्थितियों में इसकी अनुमति दी जाती है। इन नियमों का उद्देश्य मतगणना प्रक्रिया की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना है।

बताया जा रहा है कि शखावत मेमोरियल स्कूल में भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना चल रही थी। इस दौरान जब दो प्रमुख राजनीतिक नेताओं द्वारा मोबाइल फोन उपयोग की बात सामने आई, तो चुनाव आयोग ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को कहा गया कि दोनों मोबाइल फोन तुरंत अपने कब्जे में लेकर नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

इस घटनाक्रम के बाद कुछ समय के लिए गणना केंद्र के भीतर तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी। हालांकि, सुरक्षा अधिकारियों और प्रशासन की तत्परता से स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया गया। आयोग ने दोबारा स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में मतगणना केंद्र के भीतर मोबाइल फोन या किसी अन्य संचार माध्यम की अनुमति नहीं दी जाएगी।

चुनाव आयोग के इस सख्त कदम को चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों ने सभी उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे नियमों का पूरी तरह पालन करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की गरिमा बनाए रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा