अमर्त्य सेन और रवींद्रनाथ का अपमान किया गया : बीरभूम में प्रचार के दौरान भाजपा पर ममता ने लगाई आरोपों की झड़ी
बीरभूम, 26 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के करीब आते ही सियासी पारा चढ़ने लगा है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने गुरुवार को बीरभूम जिले में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए बंगाली अस्मिता का मुद्दा उठाया।
उत्तर बंगाल से प्रचार की शुरुआत करने के बाद ममता बनर्जी गुरुवार को दक्षिण बंगाल पहुंचीं और पश्चिम बर्धमान के पांडवेश्वर से बीरभूम के दुबराजपुर क्षेत्र तक कई चुनावी सभाओं को संबोधित किया। खैराशोल में आयोजित एक जनसभा में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अमर्त्य सेन और रवींद्रनाथ टैगोर जैसे महान व्यक्तित्वों का अपमान किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “इन लोगों (भाजपा) ने अमर्त्य सेन और रवींद्रनाथ का बहुत अपमान किया है। अब उन्हें एक भी वोट नहीं मिलना चाहिए। इस बार तृणमूल के उम्मीदवारों को वोट दें।” उन्होंने मंच से पार्टी उम्मीदवारों—आशीष बंद्योपाध्याय, चंद्रनाथ सिन्हा, अभिजीत सिन्हा, अभिजीत राय और नीलावती साहा—को लोगों के सामने प्रस्तुत करते हुए उन्हें विजयी बनाने की अपील की।
ममता बनर्जी ने अपने भाषण में मतदाता सूची से नाम कटने के मुद्दे को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले एनआरसी लागू करने, फिर परिसीमन (डिलिमिटेशन) और उसके बाद जनगणना के जरिए मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाने की साजिश कर रही है।
उन्होंने कहा, “यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। भाजपा चुन-चुनकर तय कर रही है कि उनका पसंदीदा कौन है, लेकिन मैं कहती हूं कि कोई भी उनका पसंदीदा नहीं है, लोग उन्हें पसंद नहीं करते।”
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

