home page

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के इस्तीफे पर ममता बनर्जी ने जताई चिंता

 | 
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के इस्तीफे पर ममता बनर्जी ने जताई चिंता


कोलकाता, 05 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस के अचानक इस्तीफे की खबर पर आश्चर्य और गहरी चिंता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि राज्यपाल के इस्तीफे के कारणों की उन्हें इस समय जानकारी नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें आश्चर्य नहीं होगा अगर आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कुछ राजनीतिक हितों को साधने के लिए राज्यपाल पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से दबाव डाला गया हो।

बनर्जी ने यह भी कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने उन्हें सूचित किया है कि आर. एन. रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया जा रहा है, लेकिन इस संबंध में स्थापित परंपरा के अनुसार उनसे कोई परामर्श नहीं किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के कदम संविधान की भावना को कमजोर करते हैं और भारत की संघीय व्यवस्था की बुनियाद को चोट पहुंचाते हैं। उन्होंने केंद्र से सहकारी संघवाद के सिद्धांतों का सम्मान करने और ऐसे एकतरफा फैसलों से बचने की अपील की, जो लोकतांत्रिक परंपराओं और राज्यों की गरिमा को कमजोर करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय