दल छोड़ने वालों पर ममता का प्रहार, कहा- अब उनकी जरूरत नहीं
कोलकाता, 21 जुलाई (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस की 21 जुलाई शहीद दिवस सभा से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दल छोड़कर जाने वाले नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सभी चोर चले गए, इससे हम बच गए।
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का भय दिखाकर लोगों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भय दिखाकर कुछ लोगों को कुछ समय के लिए चुप कराया जा सकता है, लेकिन सच्चाई को लंबे समय तक दबाया नहीं जा सकता।
ऋतब्रत खेमे पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने उसे भारतीय जनता पार्टी की बी टीम बताया। उन्होंने दावा किया कि यह समूह भी शीघ्र ही टूट जाएगा। इस दौरान ममता ने कहा, क्षमा करें, अब आपकी आवश्यकता नहीं है। आप धन, मान और प्राण से अच्छे रहें।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह नए लोगों के साथ नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेंगी और सोने की खान जैसे नए कार्यकर्ताओं को लेकर संगठन को मजबूत करेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न प्रलोभनों के बावजूद शहीद परिवारों के सदस्य कालीघाट स्थित तृणमूल के कार्यक्रम में पहुंचे। इसके लिए उन्होंने सभी शहीद परिवारों का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

