home page

चुनाव 26 : दुर्गापुर में ममता बनर्जी के रोड शो में उमड़ा जन सैलाब

 | 
चुनाव 26 : दुर्गापुर में ममता बनर्जी के रोड शो में उमड़ा जन सैलाब


आसनसोल, 17 अप्रैल (हि. स.)। दुर्गापुर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के रोड शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रांतिका पंचमाथा मोड़ से विरिंगी तक करीब ढाई किलोमीटर लंबा यह विशाल रोड शो निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग शामिल हुए। सुबह से ही इलाके में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और जैसे-जैसे समय बीतता गया, सड़कों पर भीड़ का सैलाब बढ़ता चला गया।

रोड शो में दुर्गापुर पूर्व से उम्मीदवार प्रदीप मजूमदार, दुर्गापुर पश्चिम से कवि दत्ता और पांडवेश्वर से नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी महत्वपूर्ण बना दिया। इन नेताओं की उपस्थिति से कार्यकर्ताओं में अलग ही उत्साह देखने को मिला। पूरे रास्ते भर लोगों का जोश और ऊर्जा साफ झलक रही थी। सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ जमा थी, जहां लोग ढोल-नगाड़ों, शंख और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत कर रहे थे। कई स्थानों पर महिलाओं और युवाओं ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरा वातावरण ‘जय बांग्ला’ के नारों से गूंज उठा।

दुर्गापुर के इस रोड शो के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल के साथ-साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क नजर आईं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। प्रांतिका से विरिंगी तक निकला यह रोड शो केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम भर नहीं रहा, बल्कि एक बड़े जनउत्सव का रूप लेता दिखा।

इस भव्य रोड शो ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा