रैली की अनुमति के लिए कलीघाट तृणमूल पहुंची कलकत्ता हाईकोर्ट
कोलकाता, 07 जुलाई (हि. स.)। कोलकाता के कालीघाट क्षेत्र की तृणमूल कांग्रेस इकाई ने प्रस्तावित रैली की अनुमति नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। पार्टी की ओर से दावा किया गया कि पुलिस बुधवार को प्रस्तावित रैली की अनुमति नहीं दे रही है। हाईकोर्ट ने याचिका दायर करने की अनुमति दे दी है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को आयोजित होने वाली इस रैली में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल हो सकती हैं। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि यह रैली बारुईपुर की घटना के विरोध में निकाली जाएगी या किसी अन्य मुद्दे पर।
इससे पहले सोमवार को बारुईपुर की घटना के विरोध में ममता बनर्जी ने अपने कालीघाट स्थित आवास से मोमबत्ती मार्च निकाला था। आरोप है कि केंद्रीय बलों ने उनके जुलूस को गली के मुहाने पर रोकने की कोशिश की थी, लेकिन ममता बनर्जी अपने समर्थकों के साथ बैरिकेड पार कर हरिश चटर्जी स्ट्रीट तक पहुंच गई थीं। उसी दिन राज्यसभा सांसद डोला सेन, प्रतिमा मंडल और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष बिमान बनर्जी भी बारुईपुर पहुंचे थे।
मंगलवार को कलकत्ता हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की पीठ के समक्ष तृणमूल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कल्याण बनर्जी ने मामले का उल्लेख किया। उन्होंने अदालत को बताया कि पुलिस रैली की अनुमति नहीं दे रही है। इस पर न्यायालय ने याचिका दायर करने की अनुमति प्रदान की। मामले की सुनवाई मंगलवार दोपहर दो बजे होने की संभावना है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में चुनाव के बाद पार्टी की स्थिति और हाकरों के खिलाफ चलाए गए अभियान के विरोध में भी ममता बनर्जी सड़क पर उतरी थीं। अब कालीघाट तृणमूल एक बार फिर बुधवार को रैली निकालने की तैयारी कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

