नारायणगढ़ में मुख्यमंत्री की सभा का स्थल बदला
पश्चिम मेदिनीपुर, 27 मार्च (हि. स.)। आगामी 30 मार्च को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की प्रस्तावित जनसभा को लेकर नारायणगढ़ में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले यह सभा बाखराबाद ग्राम पंचायत के जगन्नाथ मंदिर मैदान में आयोजित होने वाली थी, लेकिन संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सभास्थल बदल दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, अब मुख्यमंत्री की जनसभा बेलदा के स्टेडियम मैदान में आयोजित की जाएगी। शुक्रवार को प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आवश्यक बुनियादी सुविधाओं को बेहतर ढंग से संभालने के लिए यह निर्णय लिया गया है। सभा की तैयारियां पहले ही तेज़ी से शुरू हो चुकी हैं।
शुक्रवार को सभा स्थल का निरीक्षण जिला पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना और नारायणगढ़ विधानसभा से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार प्रतिभा रानी मायती ने किया। इस दौरान प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। प्रशासन की ओर से सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

