श्रीरामपुर में ममता बनर्जी की सभा के पास आग से अफरा-तफरी, जांच के निर्देश
हुगली, 08 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की श्रीरामपुर में बुधवार को आयोजित चुनावी सभा के दौरान मंच के पास आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दर्शक दीर्घा के समीप अचानक आग की चिंगारियां देखी गईं, जिससे वहां मौजूद लोग घबरा गए।
स्थिति को देखते हुए ममता बनर्जी ने अपना भाषण बीच में ही रोक दिया और घटना पर तीखी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ढीले विद्युत कनेक्शन के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे एक खुले बॉक्स से चिंगारियां निकलने लगीं। हालांकि समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने तुरंत मौके को घेरकर स्थिति को नियंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा कैसे हो सकता है? और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी अभिषेक बनर्जी की बीरभूम जिले के लाभपुर में सभा के दौरान आग लगने की घटना सामने आई थी, हालांकि तब भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ था।
बुधवार सुबह ममता बनर्जी कालीघाट स्थित अपने आवास से रैली निकालकर अलीपुर के सर्वे बिल्डिंग पहुंचीं, जहां उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद वह प्रचार के लिए निकलीं और हुगली जिले के विभिन्न इलाकों में सभाएं कीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

