हावड़ा की सभा में ममता का मोदी पर तंज, बोलीं- दिल्ली की यमुना नहीं संभलती, बंगाल आकर गंगा में नौकाविहार कर रहे
कोलकाता, 24 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को हावड़ा मैदान मेट्रो चैनल स्थित जनसभा से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने गंगा नदी में प्रधानमंत्री के नौकाविहार को चुनावी दिखावा बताते हुए कहा कि दिल्ली की यमुना नदी को साफ नहीं कर पा रहे हैं और बंगाल आकर गंगा में तस्वीरें खिंचवा रहे हैं।
ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल की गंगा और दिल्ली की यमुना की तुलना करनी चाहिए। यहां की गंगा साफ है, जबकि यमुना प्रदूषण से भरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री केवल तस्वीरें लेने और प्रचार के लिए गंगा में नौकाविहार कर रहे हैं। यह पूरी तरह वोट की राजनीति है।
उन्होंने पहले चरण के मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी नेताओं के सरकार बनाने के दावों को भी खारिज कर दिया। ममता ने कहा कि ग्रामीण बंगाल में 93 प्रतिशत मतदान हुआ है और जनता ने भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मतदान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के नाम पर लोगों पर अत्याचार किया गया।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान कई लोगों की जान गई और जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि लोग किसी को माफ नहीं करेंगे और परिणाम आने के बाद भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगेगा।
ममता बनर्जी ने लोगों से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर दिनाजपुर, मालदा और मुर्शिदाबाद जैसे जिलों में भारतीय जनता पार्टी को करारी हार मिलेगी।
उन्होंने नागरिक अधिकारों के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा। ममता ने आरोप लगाया कि एक करोड़ 20 लाख लोगों के नाम सूची से हटाए गए थे। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने इस मुद्दे पर लड़ाई लड़ी और उच्चतम न्यायालय में संघर्ष कर 32 लाख लोगों के नाम फिर से जुड़वाए। बाकी लोगों के अधिकार भी आगे बहाल कराए जाएंगे।
सभा के अंत में ममता बनर्जी ने दावा किया कि चार मई को परिणाम आने के बाद विपक्षी दलों के कई नेता बंगाल में दिखाई नहीं देंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

