home page

घायल सांसद कल्याण बनर्जी से मिलने उनके घर पहुंचीं ममता बनर्जी, भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप

 | 
घायल सांसद कल्याण बनर्जी से मिलने उनके घर पहुंचीं ममता बनर्जी, भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप


हुगली, 31 मई (हि. स.)। चंडीतला में हुए हमले में घायल तृणमूल कांग्रेस सांसद और लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक कल्याण बनर्जी का हालचाल जानने के लिए रविवार को पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी उनके आवास पहुंचीं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, ममता ने कल्याण बनर्जी की शारीरिक स्थिति की जानकारी ली और घटना के संबंध में विस्तार से बातचीत की।

बताया गया है कि हमले में कल्याण बनर्जी के सिर में चोट लगी है। रविवार दोपहर चंडीतला में हुई घटना के बाद वह अपने घर लौटे, जिसके कुछ ही समय बाद करीब तीन बजे ममता बनर्जी उनके आवास पहुंचीं।

इससे पहले ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर घटना की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “पहले लोकसभा में पार्टी के नेता अभिषेक बनर्जी और आज लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक कल्याण बनर्जी पर हमला हुआ है। भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है।”

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, ममता बनर्जी ने कल्याण बनर्जी से मुलाकात के दौरान हमले की पूरी जानकारी ली। उन्होंने यह जानने की कोशिश की कि हमला कैसे हुआ, कितने लोग इसमें शामिल थे, चोट कहां लगी।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ हुई कथित अभद्रता और हमले के विरोध में रविवार को कल्याण बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल चंडीतला थाने में ज्ञापन सौंपने जा रहा था। आरोप है कि थाने से कुछ दूरी पर उनके काफिले और समर्थकों का विरोध शुरू हो गया।

तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि पहले कल्याण बनर्जी को काले झंडे दिखाए गए और उनके खिलाफ “चोर-चोर” के नारे लगाए गए। इसके बाद उनकी ओर ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे उनके सिर में चोट लगी और वह सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं और विरोध कर रहे लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

घटना के बाद कल्याण बनर्जी ने कहा कि बंगाल में अब लोकतंत्र नहीं बचा है। राज्य गुंडों के हाथ में चला गया है। यदि सांसद ही यहां सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या होगा? मैं सभी लोगों से इस घटना के खिलाफ आवाज उठाने की अपील करता हूं।

कल्याण बनर्जी से मुलाकात के बाद ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित अपने आवास लौटकर पार्टी विधायकों के साथ बैठक करने का कार्यक्रम था। इस घटना के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच टकराव तेज हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय