बीनापाणि देवी की तिरोधन तिथि पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दी श्रद्धांजलि, मतुआ समाज के अधिकारों की रक्षा का संकल्प
कोलकाता, 05 मार्च (हि.स.)। ममता बनर्जी ने बड़मा (बड़ी मां) के नाम से विख्यात रहीं मतुआ समाज की आध्यात्मिक मार्गदर्शक बीनापाणि देवी की तिरोधन तिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते की है। इस मौके पर अपने रोजगार व्यक्त करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि बड़मा ने जीवन भर सामाजिक समानता और मानवता के आदर्शों को आगे बढ़ाया। गुरुवार सुबह अपने एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि मतुआ महासंघ ने हरिचांद ठाकुर और गुरुचांद ठाकुर के दिखाए मार्ग पर चलते हुए बंगाल में सामाजिक सुधार और नवजागरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़मा के साथ उनका संबंध व्यक्तिगत और आत्मिक था तथा उन्हें उनका मातृस्नेह प्राप्त हुआ, जो उनके जीवन की अमूल्य स्मृति है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बड़मा के सामाजिक योगदान के सम्मान में उन्हें राज्य के सर्वोच्च सम्मान बंगविभूषण से सम्मानित किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मतुआ समाज के विकास के लिए मतुआ विकास परिषद और नमःशूद्र विकास परिषद का गठन किया गया है तथा श्री श्री हरिचांद ठाकुर की जयंती पर सरकारी अवकाश घोषित किया गया है। ठाकुरनगर में हरिचांद गुरुचांद विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है और कृष्णनगर में इसका विस्तार परिसर बनाया जा रहा है। गाइघाटा में पी आर ठाकुर सरकारी महाविद्यालय, नया आईटीआई और पॉलिटेक्निक महाविद्यालय स्थापित किया गया है तथा किसान मंडी भी बनाई गई है। ठाकुरनगर में फूल बाजार और फूल मंडी के विकास के साथ क्षेत्र का व्यापक सौंदर्यीकरण किया गया है। पेयजल के लिए हाबड़ा गाइघाटा जलतृप्ति जल परियोजना शुरू की गई है और इछामती नदी पर मुड़िघाटा पुल सहित कई पुलों का निर्माण किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के कारण मतुआ समुदाय को अस्थिर और भ्रमित स्थिति में डाला जा रहा है। नागरिकता के नाम पर राजनीति करने और एसआईआर के जरिए मतुआ समुदाय के लोगों को मतदाता सूची से बाहर करने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीढ़ियों से देश के नागरिक रहे लोगों को फिर से नागरिकता के नाम पर अनिश्चितता में डालना अन्याय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मतुआ समाज और बंगाल के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए यह संघर्ष जारी रहेगा और राज्य के लोगों को किसी भी तरह की क्षति नहीं होने दी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

