कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मेगा रोड शो, पांच विधानसभा क्षेत्रों से गुजरी रैली
कोलकाता, 27 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सोमवार को तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कोलकाता में विशाल रोड शो किया। पांच विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए इस रैली में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी।
बुधवार को राज्य में दूसरे चरण का मतदान होना है, इसलिए सोमवार शाम प्रचार थम जाएगा। ऐसे में अंतिम समय में ममता बनर्जी ने कोलकाता में शक्ति प्रदर्शन किया। सोमवार शाम सुकांत सेतु से तृणमूल का मेगा जुलूस शुरू हुआ। ममता बनर्जी के साथ पार्टी के सांसद, विधायक और हजारों कार्यकर्ता-समर्थक मौजूद रहे। पूरे रास्ते में जनसैलाब देखने को मिला।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जुलूस सुकांत सेतु से शुरू होकर ढाकुरिया ब्रिज, गोलपार्क, गड़ियाहाट और बालीगंज फाड़ी होते हुए अंत में भवानीपुर में समाप्त हुआ। इस दौरान कई विधानसभा क्षेत्रों से रैली गुजरी।
रैली में टॉलीगंज के तृणमूल उम्मीदवार अरूप विश्वास, जादवपुर के देवब्रत मजूमदार, रासबिहारी के देबाशीष कुमार, बालीगंज के उम्मीदवार शोवनदेव चटर्जी और कस्बा के जावेद खान भी उनके साथ मौजूद रहे। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की भी बड़ी भागीदारी रही।
चुनाव घोषणा के बाद से ममता बनर्जी पूरे राज्य में प्रचार कर रही हैं और सभी 294 विधानसभा सीटों पर पार्टी की स्थिति मजबूत करने पर जोर दिया है। शुरुआती दौर में उन्होंने पहले चरण की सीटों पर अधिक ध्यान दिया था। वहीं भवानीपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी उन्होंने फिरहाद हाकिम और अरूप विश्वास जैसे नेताओं को सौंपी थी। अब मतदान से पहले अंतिम समय में उन्होंने कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में प्रचार तेज कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

