ममता का भाजपा पर तीखा प्रहार : वे धर्म बेचते हैं, हम मानवता का निर्माण करते हैं
पश्चिम मेदिनीपुर, 30 मार्च (हि.स.)। ममता बनर्जी ने मेदिनीपुर में सोमवार आयोजित जनसभा से भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वे धर्म बेचकर राजनीति करते हैं, जबकि हम मानवता का निर्माण करते हैं।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने सभा की शुरुआत महावीर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की और स्थानीय नेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कार्यकाल में डेबरा क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, आईटीआई, सड़क निर्माण सहित कई विकास कार्य हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य में हर वर्ष लगभग 54 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जाता है ताकि किसानों को उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि बजट में किसानों के लिए सिंचाई पंप के शुल्क में राहत दी गई है।
सभा में उन्होंने भाजपा पर महिलाओं और विभिन्न समुदायों के नाम मतदाता सूची से हटाने का आरोप भी लगाया। साथ ही लोगों से तृणमूल उम्मीदवारो को खुल कर समर्थन देने की अपील की।
ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल कभी भी किसी के सामने सिर नहीं झुकाएगा और राज्य के लोगों को एकजुट रहकर लोकतंत्र की रक्षा करनी होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

