home page

हाईकोर्ट परिसर में ममता को लेकर नारेबाजी, शमीक भट्टाचार्य बोले— यह भाजपा की संस्कृति नहीं

 | 
हाईकोर्ट परिसर में ममता को लेकर नारेबाजी, शमीक भट्टाचार्य बोले— यह भाजपा की संस्कृति नहीं


कोलकाता, 14 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में उस समय हलचल बढ़ गई जब कोलकाता हाईकोर्ट परिसर के बाहर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर “चोर-चोर” के नारे लगाए गए। इस घटना को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि यह घटना भाजपा की संस्कृति नहीं है और न ही पार्टी ऐसे किसी व्यवहार का समर्थन करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा हालात की जिम्मेदारी तृणमूल कांग्रेस की है।

उन्होंने कहा कि “कृतकर्म का फल हमेशा पीछे आता है” और इस तरह की घटनाएं समाज के लिए ठीक नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एक स्वस्थ और सामान्य समाज में इस तरह की स्थिति नहीं होनी चाहिए।

इधर, यह पूरा मामला उस समय हुआ जब ममता बनर्जी हाईकोर्ट में पोस्ट पोल हिंसा से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान मौजूद थीं। अदालत परिसर के बाहर कुछ वकीलों और लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

भट्टाचार्य ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में किसी भी तरह की हिंसा स्वीकार नहीं की जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में विकास और रोजगार पर ध्यान देने की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता