home page

‘गेमप्लान जितना भी बना लो, खेला होगा और इस बार जोरदार खेला होगा’, विष्णुपुर से भाजपा पर ममता का निशाना

 | 
‘गेमप्लान जितना भी बना लो, खेला होगा और इस बार जोरदार खेला होगा’, विष्णुपुर से भाजपा पर ममता का निशाना


कोलकाता, 31 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जितनी रणनीति बना ले, चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत तय है।

तृणमूल उम्मीदवार तन्मय घोष के समर्थन में आयोजित इस सभा में ममता ने दावा किया कि राज्य में विकास के अनेक कार्य हुए हैं और जनता उसका जवाब मतदान के जरिए देगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में 105 कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं, जिनमें से कई अन्य राज्यों में नहीं हैं।

----

‘युवसाथी योजना भत्ता नहीं’

सभा में ममता ने ‘युवसाथी’ नामक नई योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह किसी प्रकार की भिक्षा या भत्ता नहीं है, बल्कि युवाओं के लिए सहायता स्वरूप आर्थिक सहयोग है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

------

मतदाता सूची और एसआईआर पर सवाल

मुख्यमंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि पहले 58 लाख नाम मतदाता सूची से हटाए गए और बाद में 42 लाख में से 22 लाख नाम ही वापस जोड़े गए। उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्होंने न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाया था।

ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या लोगों को देश से बाहर करने की कोशिश की जा रही है।

धार्मिक मुद्दों पर भी भाजपा को घेरते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग हिंदू राज्य की बात करते हैं, उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि वे हिंदू धर्म के मूल सिद्धांतों को कितना जानते हैं।

अपने भाषण में ममता ने बांकुड़ा और विष्णुपुर की सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र शिक्षा, संस्कृति और संगीत की समृद्ध परंपरा के लिए जाना जाता है। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां पानी और प्रकाश जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास किया गया है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले ममता बनर्जी ने पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोणा और गड़बेता में भी चुनावी सभाएं की थीं, जहां उन्होंने भाजपा की नीतियों की आलोचना की।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर