home page

बंकिमचंद्र चटर्जी की पुण्यतिथि पर ममता बनर्जी ने दी श्रद्धांजलि, विरासत के ‘दुरुपयोग’ पर जताई नाराजगी

 | 
बंकिमचंद्र चटर्जी की पुण्यतिथि पर ममता बनर्जी ने दी श्रद्धांजलि, विरासत के ‘दुरुपयोग’ पर जताई नाराजगी


कोलकाता, 08 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महान साहित्यकार बंकिमचंद्र चटर्जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि बंकिमचंद्र चटर्जी बंगाल के नवजागरण के अग्रणी स्वर और आधुनिक बांग्ला साहित्य के मार्गदर्शक थे। उनकी विचारों की गहराई और भाषा की समृद्धि आज भी लोगों को प्रेरित करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी रचनाओं ने पराधीन भारत में आत्मसम्मान और देशभक्ति की भावना जगाई। उन्होंने विशेष रूप से ‘वंदे मातरम्’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इस गीत की ध्वनि आज भी देशभक्ति और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना से लोगों को भावुक कर देती है। उन्होंने इसे देश की पहचान का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बताया।

ममता बनर्जी ने अपने पोस्ट में यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग सस्ती राजनीति के लिए बंगाल के महान विचारकों और साहित्यकारों का दुरुपयोग करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंकिमचंद्र जैसे पूजनीय व्यक्तित्वों के नाम को भी विकृत किया जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि बंगाल के महान व्यक्तित्व राज्य के गर्व और भावनाओं से जुड़े हैं, और जो लोग इसकी अवहेलना करने की कोशिश करेंगे, उन्हें जनता ही उचित जवाब देगी। अंत में उन्होंने “जय बांग्ला” का नारा भी दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय