गाजोल में ममता बनर्जी की मेगा रैली चार अप्रैल को
मालदा, 29 मार्च (हि. स.)। जिले के गाजोल में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगामी चार अप्रैल को यहां एक बड़ी चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगी। विधानसभा चुनाव 2026 से पहले यह रैली काफी अहम मानी जा रही है, जहां वह तृणमूल उम्मीदवार प्रसेनजीत दास के समर्थन में प्रचार करेंगी। महज चार महीने के भीतर मुख्यमंत्री का गाजोल दौरा तृणमूल के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे की खबर मिलते ही तृणमूल कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, वहीं जिला प्रशासन और पुलिस भी सुरक्षा तैयारियों में जुट गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभास्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक अनूपम सिंह ने बताया कि सभा के लिए मंच, हेलीपैड, दर्शकों की बैठने की व्यवस्था और एंट्री-एग्जिट प्वाइंट्स समेत सभी सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले तीन दिसंबर को भी मुख्यमंत्री ने गाजोल कॉलेज मैदान में एक प्रशासनिक बैठक की थी, लेकिन इस बार सभा के लिए टोल गेट के पास बड़े खुले मैदान को चुना गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

