चुनाव 26 : उत्तर बंगाल में ममता बनर्जी की पदयात्रा, सड़कों पर उमड़ी भीड़
सिलीगुड़ी, 15 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर बंगाल में एक के बाद एक पदयात्राओं में हिस्सा लिया। बुधवार को इस्लामपुर में जनसभा के बाद वह सिलीगुड़ी पहुंची और हिलकार्ट रोड पर हेरिटेज होटल से वेनस मोड़ तक पदयात्रा की।
इस दौरान उनके साथ तृणमूल उम्मीदवार गौतम देव, शंकर मालाकार और रीना टोप्पो एक्का मौजूद रहे। सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने के लिए जुटे और मोबाइल से तस्वीरें लेते नजर आए। हालांकि, इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते हिलकार्ट रोड पर यातायात नियंत्रित किया गया था।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने नागराकाटा विधानसभा क्षेत्र में मंगलबाड़ी से चालसा गोलाई तक भी पदयात्रा की। नववर्ष (पोइला बैशाख) के दिन आयोजित इस पदयात्रा को लेकर व्यापारियों और आम लोगों के एक वर्ग में नाराजगी भी देखी गई। पारंपरिक आयोजनों पर असर पड़ा और वे त्योहार का आनंद ठीक से नहीं ले सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

