ममता बनर्जी की विदाई तय : राजू बिष्ट
सिलीगुड़ी, 02 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों को लेकर भारतीय जनता पार्टी सांसद राजू बिष्ट ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता तृणमूल कांग्रेस को नकार चुकी है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की विदाई अब तय है।
शनिवार को दिए गए बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी निराशा में कभी हाई कोर्ट तो कभी सुप्रीम कोर्ट का रुख कर रही हैं।
जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 19 ए का हवाला देते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि चुनाव घोषित होने के बाद उसके संचालन की जिम्मेदारी पूरी तरह चुनाव आयोग की होती है। बिष्ट ने दावा किया कि इस बार चुनाव आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से चुनाव करा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में इस बार चुनावों में हिंसा बहुत कम हुई है। आयोग ने सभी कमियों को सुधारते हुए सफलतापूर्वक चुनाव प्रक्रिया को संभाला है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि हार की आशंका के चलते तृणमूल कांग्रेस के नेता अपनी भाषा की मर्यादा खो रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

