उत्तरपाड़ा में ममता बनर्जी की रैली, भाजपा पर तीखा साधा निशाना
हुगली, 25 अप्रैल (हि. स.)। विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र हुगली जिले के उत्तरपाड़ा में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने पार्टी उम्मीदवार शीर्षण्य बनर्जी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। यह सभा उत्तरपाड़ा के जोरापुकुर मैदान में आयोजित हुई, जहां बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
इस सीट से तृणमूल ने श्रीरामपुर के सांसद कल्याण बनर्जी के बेटे शीर्षण्य बनर्जी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, भाजपा ने दीपांजन चक्रवर्ती को मैदान में उतारा है और माकपा की ओर से मिनाक्षी मुखर्जी चुनाव लड़ रही हैं, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
सभा में ममता बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान केंद्रीय एजेंसियों और बलों का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है और पुलिस की अत्यधिक सक्रियता पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने केंद्र सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी निशाना साधा। ममता बनर्जी ने दावा किया कि चुनाव के बाद कीमतें फिर बढ़ सकती हैं और केंद्र अपने वादे पूरे करने में विफल रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़ने का भी जिक्र किया और लोगों से तृणमूल उम्मीदवारों को समर्थन देने की अपील की। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की हाई-वोल्टेज रैलियों से उत्तरपाड़ा में चुनावी मुकाबला और कड़ा हो गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

