home page

ममता बनर्जी ने भाजपा पर लगाया तृणमूल कार्यकर्ताओं को डराने का आरोप

 | 
ममता बनर्जी ने भाजपा पर लगाया तृणमूल कार्यकर्ताओं को डराने का आरोप


हुगली, 19 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को हुगली जिले के तारकेश्वर स्थित विवेकानंद सेवा केंद्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित चुनावी जनसभा से भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। इस जनसभा में तारकेश्वर के उम्मीदवार रामेंदु सिंहराय, हरिपाल की उम्मीदवार करबी मान्ना और सिंगूर के उम्मीदवार बेचाराम मान्ना भी मौजूद रहे। तीनों विधानसभा क्षेत्रों के तृणमूल उम्मीदवारों के समर्थन में यह संयुक्त सभा आयोजित की गई।

सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग तृणमूल कांग्रेस के लिए काम कर रहे हैं, उन्हें भाजपा की ओर से भय दिखाया जा रहा है।

महिला आरक्षण विधेयक पर केंद्र सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि यह वास्तव में महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा विधेयक नहीं, बल्कि परिसीमन से संबंधित एक चाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव से पहले जनता को गुमराह करने के लिए इस तरह के कदम उठा रही है।

इसके साथ ही उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की बढ़ती सक्रियता पर सवाल उठाए। ममता बनर्जी ने कहा कि आखिर रोज-रोज ईडी की छापेमारी क्यों हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इन केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर राजनीतिक विरोधियों को डराने की कोशिश कर रही है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बंगाल की जनता किसी भी तरह के दबाव में नहीं आएगी और इसका जवाब हिंसा से नहीं, बल्कि मतदान के जरिए देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय