home page

मंतेश्वर की सभा से ममता बनर्जी का भाजपा पर तंज, पार्टी के नेताओं को दिया कड़ा संदेश

 | 
मंतेश्वर की सभा से ममता बनर्जी का भाजपा पर तंज, पार्टी के नेताओं को दिया कड़ा संदेश


पूर्व बर्दवान, 19 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को पूर्व बर्दवान जिले के मंतेश्वर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। यह सभा मंतेश्वर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार सिद्दिकुल्ला चौधरी के समर्थन में आयोजित की गई थी।

सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हाल ही में लोकसभा में भाजपा की “नाक कट गई” और अब वह अपनी छवि बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं के अधिकारों की बात तो करती है, लेकिन उसके इरादे साफ नहीं हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि 2023 में पारित महिला आरक्षण विधेयक अब तक लागू क्यों नहीं किया गया।

मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा बाहर से आए प्रवासी मजदूरों को उनके धार्मिक ग्रंथों की शपथ दिलाकर अपने पक्ष में वोट देने के लिए प्रभावित कर रही है।

साथ ही ममता बनर्जी ने पार्टी के भीतर असंतोष को लेकर भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने बिना नाम लिए तृणमूल नेता अहमद हुसैन शेख को निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग इतने साहसी हो गए हैं कि वे उनकी सभा में भी शामिल नहीं हो रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग पार्टी के लिए काम नहीं करेंगे या भाजपा की मदद करेंगे, उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि मंतेश्वर में उम्मीदवार सिद्दिकुल्ला चौधरी और स्थानीय नेता अहमद हुसैन शेख के बीच मतभेद की खबरें सामने आई हैं, जिसके चलते कुछ कार्यकर्ता चुनाव प्रचार से दूर रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय