भवानीपुर में 60 हजार नाम कटने के बाद भी कम से कम एक वोट से जरूर जीतूंगी : ममता
कोलकाता, 02 मार्च (हि. स.)। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को नेताजी इंडोर स्टेडियम में होली और दोल उत्सव के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में अपने परंपरागत विधानसभा सीट भवानीपुर से जीत का भरोसा जताया। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत 60 हजार नाम काटे जाने के बाद चुनाव में उनके वोट कम हो सकते हैं लेकिन वे कम से कम एक वोट से भी जीत जरूर हासिल करेंगी।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से वोटर सूची में कथित गड़बड़ी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र से लगभग 60 हजार वोट कट रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं शॉक्ड हूं, ये अमानवीय और प्रतिशोधी कार्य कर रहे हैं। कमजोर लोग पीछे से लड़ते हैं। ये जान-बूझकर नाम काट रहे हैं। मेरे भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से 60 हजार वोट कट रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद मैं कहती हूं, मैं भवानीपुर से जीतूंगी, एक वोट से भी अवश्य जीतूंगी।
ममता बनर्जी ने कहा कि उनका विश्वास भगवान और मां के प्रति है और सभी धर्मों–हिंदू, मुस्लिम और बौद्धों–के लोगों पर भी है। उन्होंने लोगों से धरना प्रदर्शन में शामिल होने और उन्हें नैतिक समर्थन देने की अपील की।
ममता ने आरोप लगाया कि राज्य में एक करोड़ 20 लाख लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित किया जा रहा है और कई वास्तविक वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाये गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वोटर के नाम विवाह या अन्य कारणों से कट गए हैं। इसके बावजूद चुनाव आयोग ने पक्षपातपूर्ण तरीके से काम किया। कई मामलों में बीएलओ और माइक्रो ऑब्जर्वर भाजपा के प्रभाव में होकर नाम कटवाने में शामिल हैं। जो भी दोष है, वह भाजपा के ऊपर है।
उन्होंने भाजपा की पश्चिम बंगाल में चल रही परिवर्तन यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली से पार्टी के कार्यालय से नाम कट रहे हैं और वहीं रथ यात्रा आयोजित की जा रही है।
भवानीपुर के 2.6 लाख मतदाताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी के कारण 14 हजार के अलावा दो हज़ार और नाम गायब किए गए हैं। उन्होंने इन तथाकथित अनियमितताओं के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय तक जाने की बात कही, साथ ही सकारात्मक सहयोग का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भवानीपुर में प्रस्तावित जैन मंदिर के लिए जमीन देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जैन समिति ने न्यूटाउन में मंदिर के लिए जमीन का अनुरोध किया है। विश्व बांग्ला गेट के पास जमीन दी जाएगी, आप मन्दिर का निर्माण करें।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को होली और दोल की शुभकामनाएं दी और आशा जताई कि यह उत्सव शांति और सामंजस्य के साथ मनाया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

