उत्तर बंगाल पर ममता बनर्जी की नजर, चालसा के चर्च से चुनाव प्रचार की शुरुआत
जलपाईगुड़ी, 24 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव- 2026 का बिगुल बजते ही ममता बनर्जी ने उत्तर बंगाल को खास फोकस में रखा है। मंगलवार को जलपाईगुड़ी के चालसा स्थित बताबाड़ीमहाबाड़ी चर्च के एक कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने औपचारिक रूप से चुनाव प्रचार की शुरुआत की।
यह पहली बार है जब राज्य की कोई मुख्यमंत्री इस चर्च पहुंची, जिसे राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। चर्च में फादर से मुलाकात और प्रार्थना में शामिल होने के बाद ममता बनर्जी ने मंच से कहा, मैं जात-पात की राजनीति नहीं करती। बंगाल में सभी धर्मों को समान अधिकार और सम्मान है। हम सभी त्योहार साथ मिलकर मनाते है।
आचार संहिता लागू होने के कारण उन्होंने कोई बड़ा ऐलान तो नहीं किया, लेकिन संकेत दिया कि भविष्य में सत्ता में आने पर ‘गुड फ्राइडे’ पर सरकारी छुट्टी के मुद्दे पर विचार किया जाएगा।
चाय बागान क्षेत्र चालसा में आदिवासी नृत्य और धामसा-मादल के साथ उनका स्वागत किया गया। ममता बनर्जी भी इस उत्सव में शामिल हुई और कार्यक्रम के बाद चाय श्रमिकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उत्तर बंगाल के चाय बागान और आदिवासी वोट बैंक को साधना ही तृणमूल की प्राथमिक रणनीति है। पिछले चुनाव में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन के बाद इस बार ममता बनर्जी शुरुआत से ही इस क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

