home page

बंगाल नववर्ष पर ममता बनर्जी ने दी शुभकामनाएं, चुनाव से पहले मतदाताओं से की अपील

 | 
बंगाल नववर्ष पर ममता बनर्जी ने दी शुभकामनाएं, चुनाव से पहले मतदाताओं से की अपील


कोलकाता, 15 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बंगाली नववर्ष के अवसर पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया है। इस संदेश में उन्होंने राज्य की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने पर जोर दिया।

ममता बनर्जी ने अपने संदेश में कहा कि बंगाल हमेशा से कला, संस्कृति और सर्वधर्म समन्वय की भूमि रहा है, लेकिन कुछ “अशुभ शक्तियां” इसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों को छीना जा रहा है और जनता को इसका लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे सभी तरह की संकीर्णताओं को छोड़कर एकजुट हों और राज्य की शांति, परंपरा और आपसी सौहार्द को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कोई भी विभाजनकारी या निरंकुश ताकत इस एकता को तोड़ न सके, इसके लिए सभी को सतर्क रहना होगा।

साथ ही ममता बनर्जी ने आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में मतदाताओं से अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों को “जोड़ाफूल” चुनाव चिह्न पर वोट देकर विजयी बनाने का आग्रह भी किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर