ममता के विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में और मतदाताओं के नाम हटने की संभावना, न्यायिक प्रक्रिया में 14 हजार 154 मामले लंबित
कोलकाता, 03 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रतिनिधित्व वाले भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची से और नाम हटने की संभावना जताई जा रही है। यह प्रक्रिया उन मामलों पर चल रही न्यायिक जांच के बाद पूरी होगी, जिनमें मतदाता दस्तावेजों को “तार्किक विसंगति” की श्रेणी में रखा गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऐसे 14 हजार 154 मतदाताओं के दस्तावेज न्यायिक परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। इससे पहले न्यायिक प्रक्रिया में भेजे गए मामलों को छोड़कर अंतिम मतदाता सूची से भवानीपुर क्षेत्र में कुल 47 हजार 111 नाम पहले ही हटाए जा चुके हैं। न्यायिक परीक्षण के बाद जिन नामों को अमान्य माना जाएगा, उन्हें भी हटाए गए नामों की संख्या में जोड़ दिया जाएगा।
विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि भवानीपुर में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटना मुख्यमंत्री के लिए खतरे का संकेत है। उनका कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री की जीत सुनिश्चित करने लायक पर्याप्त मतदाता अब इस क्षेत्र में नहीं बचे हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भरोसा जताया है कि वह भवानीपुर सीट से जीत हासिल करेंगी, चाहे वहां केवल एक मतदाता ही क्यों न बचा हो। साथ ही उन्होंने निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि असली मतदाताओं के नाम जानबूझकर हटाए गए हैं। उन्होंने इसे अमानवीय बताते हुए कहा कि यह निर्वाचन आयोग और भारतीय जनता पार्टी की मिलीभगत से रची गई साजिश है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी संख्या में नाम हटाए जाने के बावजूद वह भवानीपुर से जीत दर्ज करेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

