चुनाव नतीजों पर ममता बनर्जी करेंगी प्रेस वार्ता
कोलकाता, 05 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी मंगलवार शाम पत्रकारों से बात करेंगे। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस कोलकाता के कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास से होगी।
करीब 15 साल तक राज्य की सत्ता में रहने के बाद तृणमूल कांग्रेस को इस बार चुनाव में बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अपने पारंपरिक भवानीपुर सीट से चुनाव हार गई हैं। उन्हें विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने 15 हजार से अधिक मतों से पराजित किया। राज्य के कई जिलों में भी तृणमूल को हार का सामना करना पड़ा है।
तृणमूल के सूत्रों के अनुसार, पार्टी की हार के बाद ममता बनर्जी इस मुद्दे पर विस्तार से अपनी बात रखेंगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहेंगे। ऐसे में ममता बनर्जी मंगलवार शाम करीब चार बजे कालीघाट स्थित अपने घर से मीडिया को संबोधित करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

