कर्मयोगी मल्लावत जी के स्मरण से मिलती है प्रेरणा - डॉ हरभजनका
सुजोक एवं आयुर्वेदिक एक्यूप्रेशर प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न
कोलकाता, 28 मई (हि. स.)। सेवा भारती के अंतर्गत संचालित भंवरलाल मल्लावत सेवा केन्द्र द्वारा आयोजित पांच दिवसीय सुजोक एवं आयुर्वेदिक एक्यूप्रेशर प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न हो गया। काली कृष्ण टैगोर स्ट्रीट स्थित संस्था कार्यालय में आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को सुजोक एवं एक्यूप्रेशर पद्धति के माध्यम से विभिन्न रोगों के उपचार और निदान की जानकारी दी।
संस्था के मंत्री डॉ हरभजनका ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा भाव के साथ इस चिकित्सा पद्धति का लाभ जरूरतमंद और पीड़ित लोगों तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कर्मयोगी भंवरलाल मल्लावत के प्रेरणादायी व्यक्तित्व को स्मरण करते हुए कहा कि उनके जीवन और कार्यों से सेवा की निरंतर प्रेरणा मिलती है। उन्होंने रोगियों के साथ संवेदनशील एवं आत्मीय व्यवहार रखने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में डॉ प्रदीप अग्रवाल, डॉ सुनीता राठी और डॉ रश्मि काजरिया ने भी अपने विचार रखे। शिविर का संचालन अरुण प्रकाश मल्लावत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ सुरेश गुप्ता ने किया। इस अवसर पर अरुण मल्लावत, संजय रस्तोगी, अनिल मल्लावत और उर्मिला ध्यावाला ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। शिक्षार्थियों सीमा सावनसुखा, रुचिका करनानी, अनीता अग्रवाल और रीमा जायसवाल ने अपने अनुभव भी साझा किए।
उल्लेखनीय है कि सेवा भारती के अंतर्गत संचालित यह केन्द्र पिछले 25 वर्षों से सुजोक, एक्यूप्रेशर और एक्यूपंक्चर पद्धति के माध्यम से रोगियों को निःशुल्क चिकित्सा सेवा प्रदान कर रहा है। वर्ष 2000 में कर्मयोगी भंवरलाल मल्लावत की स्मृति में इस सेवा केन्द्र की स्थापना की गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

