home page

यात्राडांगा के गोदाम में छापेमारी, 25 लाख के कफ सिरप की खेप बरामद

 | 
यात्राडांगा के गोदाम में छापेमारी, 25 लाख के कफ सिरप की खेप बरामद


मालदा, 15 सितंबर (हि. स.)। मालदा में अवैध कफ सिरप के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मालदा थाना पुलिस ने पुरातन मालदा के यात्राडांगा इलाके में एक गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में कफ सिरप बरामद किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है। गोदाम से इतनी बड़ी मात्रा में कफ सिरप मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सोमवार देर रात मिली सूचना के आधार पर मालदा थाना पुलिस को यात्राडांगा इलाके के एक गोदाम में अवैध रूप से कफ सिरप जमा किए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना पाकर पुलिस ने गोदाम को चिन्हित कर वहां अभियान शुरू किया। लगातार निगरानी और कार्रवाई के बाद मंगलवार दोपहर गोदाम को खोला गया। अंदर प्रवेश करते ही पुलिस अधिकारियों को कफ सिरप से भरी कई पेटियां दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस ने एक-एक कर सभी पेटियों को बाहर निकालकर जब्त कर लिया।

बताया गया है कि उक्त गोदाम यात्राडांगा इलाके के निवासी मोहम्मद राना का है। हालांकि स्थानीय लोगों का दावा है कि गोदाम मालिक का इस अवैध कारोबार से सीधे तौर पर कोई संबंध नहीं है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवारी इलाके के एक व्यक्ति ने कॉस्मेटिक्स का सामान रखने की बात कहकर गोदाम किराये पर लिया था। आरोप है कि इसी गोदाम में मालिक की जानकारी के बिना भारी मात्रा में कफ सिरप जमा कर दिया गया।

गोदाम से इतनी बड़ी मात्रा में कफ सिरप बरामद होने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेप को कहां से लाया गया था और इसे कहां भेजने की तैयारी थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा