मालदा टाउन स्टेशन पर स्पेशल ट्रेन के बेपटरी होने का मॉकड्रिल
मालदा, 21 नवंबर (हि.स.)।
स्पेशल ट्रेन के बेपटरी होने और कई यात्रियों के घायल होने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, एनडीआरएफ, दमकल विभाग और एंबुलेंस की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। घटनास्थल पर लगातार एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियों की आवाजाही शुरू हो गई। पहली नजर में यह दृश्य किसी बड़ी रेल दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन वास्तव में ऐसा कुछ नहीं था। यह रेलवे प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की ओर से आयोजित संयुक्त मॉकड्रिल का हिस्सा था।
शनिवार को सुबह पौने 11 बजे के करीब मालदा टाउन स्टेशन यार्ड के न्यू स्टेबलिंग लाइन पर इस मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल और एनडीआरएफ की संयुक्त पहल पर तैयार किए गए इस अभ्यास में एक स्पेशल ट्रेन के बेपटरी होने और कई यात्रियों के घायल होने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। इसके बाद संबंधित विभागों को रेल दुर्घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, एनडीआरएफ, एंबुलेंस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके बाद घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने, राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने का अभ्यास किया गया। पूरी प्रक्रिया को वास्तविक रेल दुर्घटना जैसी परिस्थितियों में अंजाम दिया गया, ताकि आपातकालीन स्थिति में किसी तरह की देरी न हो।
पूरे मॉकड्रिल की निगरानी पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने बताया कि रेलवे प्रशासन की ओर से मालदा में इस मॉकड्रिल का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखना था।
उन्होंने कहा कि मॉकड्रिल के माध्यम से यह जांच की गई कि किसी वास्तविक रेल दुर्घटना की स्थिति में रेलवे कर्मचारियों और संबंधित विभागों की क्या भूमिका होगी, कितनी तेजी से राहत एवं बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच सकते हैं और किस प्रकार प्रभावी तरीके से स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
इस अभ्यास के जरिए आपदा प्रबंधन की तैयारियों के साथ-साथ कर्मचारियों की सतर्कता, तत्परता और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता का भी आकलन किया गया। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य है कि भविष्य में किसी वास्तविक दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न होने पर सभी संबंधित विभाग बिना समय गंवाए एकजुट होकर राहत एवं बचाव कार्य को प्रभावी ढंग से अंजाम दे सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

