तृणमूल नेता टुम्पा सरकार बनीं मालदा के सामसी ग्राम पंचायत की नई प्रधान
मालदा, 29 जुलाई (हि. स.)। जिले के सामसी ग्राम पंचायत में तृणमूल कांग्रेस ने पुराने प्रधान को हटाकर नए प्रधान का गठन किया है। बुधवार को आयोजित प्रधान चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की टुम्पा सरकार को नया प्रधान चुना गया।
प्रधान चुनाव को लेकर पंचायत कार्यालय में कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। 29 सीटों वाली सामसी ग्राम पंचायत में तृणमूल कांग्रेस के 17 सदस्यों और कांग्रेस के एक सदस्य के समर्थन से टुम्पा सरकार को कुल 18 वोट मिले और वह प्रधान पद पर निर्वाचित हुईं।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 के पंचायत चुनाव में सामसी ग्राम पंचायत में तृणमूल कांग्रेस ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस को छह, भाजपा को तीन और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली थी।
चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस की मनीषा दास प्रधान बनी थीं, लेकिन बाद में उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। बीते 20 जुलाई को हुई तलब सभा में मौजूद 15 सदस्यों ने मनीषा दास को पद से हटाने के पक्ष में मतदान किया था। इसके बाद बुधवार को नए प्रधान के चयन की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें तृणमूल कांग्रेस की टुम्पा सरकार को नया प्रधान चुना गया।
नवनिर्वाचित प्रधान टुम्पा सरकार ने कहा कि सामसी ग्राम पंचायत क्षेत्र का विकास करना और आम लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

