मालदा रेलवे डिवीजन में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेने के आरोप में ऑफिस सुपरिंटेंडेंट गिरफ्तार
मालदा , 27 नवंबर (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल के मालदा में रेलवे के डीआरएम कार्यालय में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेने के आरोप में एक रेलकर्मी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार रेलकर्मी की पहचान उमा शंकर पांडे के रूप में हुई है। वह मालदा रेलवे डिवीजन में ऑफिस सुपरिंटेंडेंट (क्लर्क) के पद पर कार्यरत था। सीबीआई की इस कार्रवाई से रेलवे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात को सीबीआई की टीम ने मालदा स्थित रेलवे के डीआरएम कार्यालय में पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी से पूछताछ किए जाने की खबर सामने आई। सीबीआई की टीम ने उमा शंकर पांडे से करीब छह घंटे तक लगातार पूछताछ की। लंबी पूछताछ और जांच के बाद गुरुवार रात लगभग पौने 11 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, उमा शंकर पांडे पर रिश्वत लेने का आरोप था। सीबीआई सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, उसे कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। हालांकि, इस पूरे मामले में सीबीआई की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
कार्रवाई के दौरान सीबीआई ने आरोपी के रेलवे क्वार्टर को भी सील कर दिया। माना जा रहा है कि जांच एजेंसी इस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। क्वार्टर को सील किए जाने के बाद मामले को लेकर रेलवे कर्मचारियों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल सीबीआई की कार्रवाई और गिरफ्तारी के बाद इस मामले में आगे की जांच जारी है। जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही रिश्वत की रकम, शिकायत की प्रकृति और पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

