मालदा में प्रेम संबंध को लेकर गृहिणी की हत्या, देवर गिरफ्तार
मालदा, 06 सितंबर (हि. स.)।जिले के हरिश्चंद्रपुर थाना क्षेत्र के रामनगर बैसा इलाके में कथित प्रेम संबंध को लेकर एक गृहिणी की हत्या का आरोप उसके देवर पर लगा है। मृतका का नाम अमृता ओरांव (27) बताया गया है, जबकि गिरफ्तार आरोपित का नाम पांचू ओरांव उसका देवर है। शनिवार रात हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के समय अमृता घर में खाना बनाने में व्यस्त थी। उसका पति नंदलाल ओरांव उस समय घर पर मौजूद नहीं था और उनके दो नाबालिग बच्चे भी घर के बाहर खेल रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान पांचू ओरांव अचानक पीछे से कुल्हाड़ी लेकर आया और अमृता पर हमला कर दिया। हमले में उसके गले में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद वह मौके पर ही गिर पड़ी। अमृता की चीख सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर चांचल के एसडीपीओ सोमनाथ साहा और हरिश्चंद्रपुर थाने के आईसी सुमित कुमार घोष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया और आरोपित पांचू ओरांव को गिरफ्तार कर लिया गया।
परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि अमृता और उसके देवर पांचू के बीच घनिष्ठ संबंध थे। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में उनके संबंधों में तनाव पैदा हो गया था और अमृता आरोपित से दूरी बनाने लगी थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई गई है कि अमृता के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने के संदेह में आरोपित ने यह हमला किया हो सकता है।
हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर घटना के पीछे की पूरी वजह जानने का प्रयास कर रही है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

