home page

मालदा में बाढ़-भू-कटाव का जायजा लेने पहुंचे पांच मंत्री

 | 
मालदा में बाढ़-भू-कटाव का जायजा लेने पहुंचे पांच मंत्री


मालदा, 19 सितंबर (हि. स.)। जिले के मानिकचक के भूतनी इलाके में बाढ़ और रतुआ के भू-कटाव प्रभावित क्षेत्रों का शनिवार को राज्य के पांच मंत्रियों ने दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान डॉ. शंकर घोष, डॉ. अजय कुमार पोद्दार, कौशिक चौधरी, सुमना सरकार और ज्वेल मुर्मू के साथ मालदा उत्तर के भाजपा सांसद खगेन मुर्मू, मानिकचक के भाजपा विधायक गौड़ चंद्र मंडल और रतुआ के विधायक समर मुखर्जी भी मौजूद रहे।

मंत्रियों ने सबसे पहले मानिकचक के भूतनी इलाके में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं तथा राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों से ली। इसके बाद रतुआ के भू-कटाव प्रभावित इलाकों का दौरा कर नदी के कटाव से प्रभावित लोगों की स्थिति, राहत और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

इसके बाद मंत्री मथुरापुर मॉडल स्कूल में बनाए गए राहत शिविर में पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। गर्भवती महिलाओं और बच्चों की स्थिति की भी जानकारी ली गई। शिविर में रहने वाले लोगों के बीच खाद्य सामग्री समेत आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई। प्रशासन की ओर से शिविर में भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की भी जानकारी ली गई।

मंत्रियों ने भूतनी ब्रिज क्षेत्र में भी पहुंचकर नदी के जलस्तर, बाढ़ की स्थिति और आवागमन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नदी मार्ग से भी प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति को देखा और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।

बाद में मानिकचक बीडीओ कार्यालय में प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ और भू-कटाव की स्थिति, राहत वितरण, पेयजल एवं स्वास्थ्य सेवाएं, प्रभावित लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचाने, संपर्क व्यवस्था और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रखने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक में मालदा के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक राहत और आवश्यक प्रशासनिक सहायता तेजी से पहुंचाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा