home page

मालदा के भूतनी में विधायक ने किया प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भूतनी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा

 | 
मालदा के भूतनी में विधायक ने किया प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भूतनी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा


मालदा, 11 सितंबर (हि. स.)। मानिकचक के भूतनी में पिछले कई दिनों से जारी भयावह बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने शुक्रवार को विधायक गौड़चंद्र मंडल पहुंचे। शुक्रवार को विधायक ने प्रखंड और जिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भूतनी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और लोगों के बीच राहत सामग्री वितरित की। इसके अलावा विभिन्न दुर्गम इलाकों में नाव के माध्यम से राहत सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भूतनी की बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने पहुंचेंगे, हालांकि उनके दौरे की तारीख अभी निर्धारित नहीं हुई है।

गौरतलब है कि तीन सितंबर से मानिकचक के भूतनी इलाके में गंगा के पानी के कारण गंभीर बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। भूतनी के तीन इलाके बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं और दो लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इस मुश्किल घड़ी में मानिकचक के विधायक गौड़चंद्र मंडल लगातार बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

संवाददाताओं से बातचीत करते हुए विधायक ने कहा कि भूतनी की भयावह बाढ़ की स्थिति में वह और प्रशासनिक अधिकारी लगातार लोगों के साथ खड़े हैं और उनकी सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बाढ़ प्रभावित सभी जरूरतमंद लोगों तक पर्याप्त राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

विधायक ने कहा कि पिछली सरकार के समय की तरह राहत सामग्री को लेकर किसी प्रकार की लूटपाट नहीं होने दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा