विश्वकर्मा पूजा पर टांगन नदी में 85वीं नौका रेस सम्पन्न
मालदा, 18 सितंबर (हि. स.)। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर मालदा जिले के बामनगोला स्थित टांगन नदी में गुरूवार को शुरू हुई दो दिवसीय ऐतिहासिक एवं पारंपरिक 85वीं नौका दौड़ प्रतियोगिता शुक्रवार को सम्पन्न हुआl हर वर्ष की तरह इस बार भी मालदा जिला व्यवसायी समिति के सहयोग से बामनगोला व्यवसायी समिति और गाजोल व्यवसायी समिति के संयुक्त तत्वावधान में इस पारंपरिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
नौका दौड़ को लेकर सुबह से ही टांगन नदी के दोनों किनारों पर दर्शकों की भीड़ देखने को मिली। प्रतियोगिता शुरू होते ही नदी के दोनों ओर के साथ-साथ पुल पर भी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। मालदा के विभिन्न इलाकों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक नौका दौड़ देखने पहुंचे। प्रतियोगिता के दौरान नदी में तेज रफ्तार से आगे बढ़ती नावों, नाविकों की कुशलता और दर्शकों के उत्साह ने पूरे माहौल को रोमांचक बना दिया। नाविकों के बीच जीत की होड़ और किनारे खड़े लोगों की जोरदार चेयरिंग से टांगन नदी का पूरा इलाका उत्सव के रंग में रंग गया।
प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों को चार अलग-अलग ग्रुप ए, बी, सी और डी में विभाजित किया गया था। चारों ग्रुप में प्रारंभिक मुकाबले कराए गए, जिसके बाद प्रत्येक ग्रुप से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के बीच सेमीफाइनल मुकाबला कराया गया। सेमीफाइनल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों ने फाइनल में जगह बनाई, जहां जीत के लिए रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।
प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की ओर से विशेष निगरानी रखी गई। नदी के दोनों किनारों और पुल पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
कार्यक्रम में हबीबपुर के विधायक तथा राज्य के मंत्री ज्वेल मुर्मू, उत्तर मालदा के सांसद खगेन मुर्मू, गाजोल के विधायक चिन्मय देव बर्मन, मर्चेंट चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव उत्तम बसाक, हबीबपुर के समाजसेवी प्रताप सिंह सहित बामनगोला और गाजोल के बीडीओ तथा दोनों क्षेत्रों की व्यवसायी समितियों के सदस्य मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी के साथ बड़ी संख्या में दर्शकों की भागीदारी ने इस वर्ष की नौका दौड़ को और भी खास बना दिया। टांगन नदी में नावों की रफ्तार, नाविकों का कौशल और दर्शकों के उत्साह के बीच विश्वकर्मा पूजा का यह पारंपरिक आयोजन पूरे क्षेत्र में उत्सव और उमंग का माहौल छोड़ गया।
फाइनल मुकाबले के बाद प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम विजेता को 10 हजार रुपये नकद, ट्रॉफी और मेडल, द्वितीय विजेता को सात हजार रुपये नकद, ट्रॉफी और मेडल, जबकि तृतीय विजेता को पांच हजार रुपये नकद, ट्रॉफी और मेडल प्रदान किया गया। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

