मालदा में दहशत फैलाने के आरोपित को हाफ पैंट पहनाकर रस्सी से बांधकर इलाके में घुमाया
मालदा, 26 नवंबर (हि. स.)। लंबे समय से इलाके में आतंक फैलाने और लोगों को भयभीत करने के आरोपित आकाश मंडल को गुरुवार को मालदा थाना पुलिस ने हाफ पैंट पहनाकर कमर में रस्सी बांधकर इलाके में घुमाया। पुलिस आरोपित को पुरातन मालदा थानांतर्गत साहापुर इलाके में लेकर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने उसके घर पर भी तलाशी अभियान चलाया, जिसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद होने की खबर है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई।
बताया जाता है कि आकाश मंडल के खिलाफ इलाके में आतंक का माहौल पैदा करने, वीडियो कॉल के जरिए आग्नेयास्त्र दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने और रंगदारी वसूली समेत कई गंभीर आरोप थे। आरोप है कि उसके भय से पुरातन मालदा थानांतर्गत साहापुर इलाके के निवासी लंबे समय से दहशत में जीवन गुजार रहे थे।
इसी सप्ताह पुलिस ने आकाश मंडल को नदिया जिलांतर्गत हरिणघाटा इलाके से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को मालदा थाना पुलिस उसे लेकर साहापुर पहुंची। पुलिस ने आरोपित को हाफ पैंट पहनाकर कमर में रस्सी बांधकर पूरे इलाके में घुमाया और उसके घर की तलाशी ली। इस दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किए गए।
लंबे समय से आरोपित के कथित आतंक से परेशान लोगों को उसकी गिरफ्तारी और पुलिस की कार्रवाई से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

